बच्चों ने देशभक्ति गीतों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
कमलेश
खमरिया-खीरी। ईसानगर और खमरिया क्षेत्र में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। ब्लॉक मुख्यालय, बीआरसी, थानों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, परिषदीय विद्यालयों समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद गांधीजी और शास्त्रीजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन, आदर्शों और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया गया।
बीआरसी पर खंड शिक्षा अधिकारी अखिलानंद राय ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान मौजूद शिक्षकों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। वहीं परिषदीय विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, प्रसंग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इसी क्रम में सीताराम मनवार पब्लिक इंटर कॉलेज महरिया में प्रधानाचार्य श्रीराम मनवार ने गांधीजी और शास्त्रीजी के जीवन मूल्यों एवं आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। श्रीमती चंद्रप्रभा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, खमरिया में प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने तिरंगा फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
वही हरद्वारीलाल सरस्वती बाल विद्या मंदिर इण्टर कालेज तमोलीपुर में प्रधानाचार्य चुन्नी लाल की अगुवाई में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, प्रसंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान शिक्षकों ने गांधीजी और शास्त्रीजी के जीवन, विचारों, सादगी, सत्य, अहिंसा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा थाना ईसानगर में थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, थाना खमरिया में निर्मल तिवारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अधीक्षक अमित कुमार सिंह तथा क्षेत्र के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में भी गांधी जी व शास्त्री जी की जयंती पर अलग अलग कार्यक्रम आयोजित हुए।
वहीं ऐरा बाल विद्या मंदिर इण्टर कालेज, मनोज पब्लिक स्कूल, सरस्वती ज्ञान मंदिर,सरस्वती शिशु मंदिर, बीबीएलसी इंटर कॉलेज, श्रीमती कलावती सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज रेहुआ, ओझा साकेत इंटर कॉलेज कटौली समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान कार्यक्रमों में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री का सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का आदर्श आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता अपनाने, देशहित में कार्य करने और महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया गया।
विजिट के लिए नमस्ते! 🙏
UP का नंबर 1 न्यूज पोर्टल | सच हर कीमत पर।



