कृष्ण मोहन
उत्तर प्रदेश के गोंडा में नाली के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई, इस दौरान पड़ोसी ने युवक पर हंसिया हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान हमलावर भी घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दिया है। वही परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार के शाम लगभग 4:00 बजे कटरा बाजार थाना क्षेत्र के बम डेरा गांव में नाली के विवाद को लेकर दो पड़ोसी आमने-सामने हो गए। इस दौरान विपक्षी ने तेज धारदार हथियार से 47 वर्षीय अन्नू दुबे के ऊपर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। जिससे अन्नू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
![]() |
| शोक में डूबा परिवार |
विवाद शांत होने के बाद खूनी संघर्ष
बताया जाता है कि अन्नू दुबे और राम श्रृंगार शुक्ला के बीच नाली को लेकर तनातनी की स्थिति बनी हुई थी, शुक्रवार के शाम यही मुद्दा फिर गरमा गया, दोनों पड़ोसियों के बीच जमकर नोक झोंक व गाली गलौज शुरू हो गया। लेकिन विवाद के बाद अन्नू मौके से निकल पड़ा था। जिससे सभी को लगा कि विवाद शांत हो गया है। घर से कुछ दूर पर स्थित पीपल के पेड़ के नीचे अन्नू बैठा हुआ था तभी, विपक्षी धारदार हथियार लिए हुए पेड़ के पास पहुंच गया। दोनों के बीच फिर तू तू मैं मैं शुरू हुई, तभी विपक्षी ने अन्नू पर हथियार से गले पर हमला करते हुए ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। जिससे मौके पर ही मौत हो गई। वही विवाद के दौरान 63 वर्षीय विपक्षी राम श्रृंगार शुक्ला भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला मुख्यालय पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने लखनऊ के लिए रेफर कर दिया है।
![]() |
| घर वालों का रो रो कर बुरा हाल |
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही कटरा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही दिनदहाड़े हुई वारदात से गांव में सनसनी फैली हुई है, घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बोले इंस्पेक्टर
घटना की पुष्टि करते हुए कटरा बाजार थाना प्रभारी ने दूरभाष पर बताया कि नाली को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था, मारपीट में 63 वर्षीय राम श्रृंगार शुक्ला गंभीर रूप से घायल है, जिसे जिला मुख्यालय से लखनऊ रेफर किया गया है, वही एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। परिजनों के शिकायती पत्र के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।



