लेखपाल ने अपने मुंशी को भेजकर नुकसान का करवाया आंकलन,बना चर्चा का विषय
एकलब्य पाठक
ईसानगर-खीरी:ईसानगर क्षेत्र के खजुहा गांव में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर रामप्यारी, कैलाश, कौशल्या और पूनम देवी के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी-अपनी जान बचाने में जुट गए। अचानक लगी आग में किसी को कुछ समझने का मौका नही मिला जिसकी वजह से सबसे अधिक नुकसान पूनम देवी को हुआ, जिनके घर में रखा लगभग 22 कुंतल मसूर, सरसों, धान और गेहूं जलकर नष्ट हो गया।
![]() |
| तबाही का मंजर दिखाता पीड़ित |
इसके साथ ही पूनम देवी के यहाँ भैंसा बेचकर रखे करीब 80 हजार रुपये नकद और पूरी गृहस्थी भी आग की भेंट चढ़ गई। वहीं रामप्यारी के घर से 6 हजार रुपये नकद व अनाज, तथा कौशल्या के घर से 3 हजार रुपये नकद समेत घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
![]() |
| बुजुर्ग महिला की जली गृहस्थी |
वही घटना की सूचना मिलते ही ईसानगर थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से पंपसेट चलवाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम काफी देर से मौके पर पहुंची और केवल औपचारिकता निभाकर लौट गई। यही नही ग्रामीणों ने कहा कि
घटना की जानकारी मिलने के बावजूद हल्का लेखपाल विनोद भार्गव मौके पर न आकर अपने निजी मुंशी मोहन को भेजकर नुकसान का आकलन करवाकर अपना पल्ला झाड़ लिया,इसको लेकर ग्रामीणों ने रोष प्रकट कर प्रशासन से पीड़ितों को जल्द ही राहत और मुआवजा देने की मांग की है,ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके।



