पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोण्डा) थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। सड़क किनारे खड़े एक पुराने पीपल के पेड़ की भारी डाल अचानक टूटकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, तरबगंज थाना क्षेत्र के धौरहरा घाट स्थित शीर पुरवा गांव निवासी कांशीराम यादव के बड़े बेटे दुर्गेश यादव की शादी 28 अप्रैल को तय थी। घर में तैयारियां जोरों पर थीं। इसी बीच निमंत्रण पत्र बांटने के लिए कांशीराम का छोटा बेटा रिंकू यादव (20) अपने मामा के बेटे अमित यादव (19), निवासी हरनाटायर भोपतपुर, के साथ बाइक से दुर्जनपुर घाट की ओर निकला था।
दोपहर करीब एक बजे, पिपरी गांव के पास पहुंचते ही अचानक सड़क किनारे लगे पीपल के पेड़ की मोटी डाल टूटकर सड़क पर गिर गई। इससे पहले कि दोनों युवक कुछ समझ पाते, वे उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ की डाल हटवाई, शवों को बाहर निकलवाया और जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया।
परिजनों के अनुसार, रिंकू यादव तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई दुर्गेश की शादी होने वाली थी, जबकि दूसरे भाई का नाम पिंटू यादव है। वहीं, अमित यादव अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

