पुलिस व तहसील प्रशासन चप्पे चप्पे पर रहा मुस्तैद
कमलेश
खमरिया-खीरी। मोहर्रम के अवसर पर ईसानगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को भीषण गर्मी के बीच मातमी माहौल में ताजियों को कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में गम-ए-हुसैन की सदाएं गूंजती रहीं। वही ताजियेदारों ने हाजिरी लगाकर अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी, जबकि अखाड़ेबाजों ने पारंपरिक हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
ईसानगर व खमरिया क्षेत्र के खमरिया,बेहटा,जसवंतनगर, दर्जिन सरैंया,जेठरा,समर्दा,अल्लीपुर, मूसेपुर, कटौली, समैसा, ऊंचगांव, दरिगापुर समेत दर्जनों गांवों में स्थापित ताजिए अपने-अपने निर्धारित मार्गों से मातमी धुनों के साथ कर्बला तक पहुंचे,जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक जुलूस के साथ मौजूद रहे। वही देर सायं तक कर्बला में ताजियों के सुपुर्द-ए-खाक होने की प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान कर्बला पहुंचने से पहले विभिन्न स्थानों पर अखाड़ेबाजों ने लाठी, तलवार और अन्य पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया व ताजियेदारों ने ताजियों पर हाजिरी लगाकर सभी की सलामती, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी तथा मर्सिया और नौहाख्वानी के जरिए इमाम हुसैन की शहादत को याद किया।
चप्पे चप्पे पर मौजूद रहा पुलिस फोर्स व तहसील प्रशासन
ताजिए कर्बला तक पहुचने के दौरान पुलिस फोर्स चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहा वही मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। धौरहरा एसडीएम शशिकांत मणि, तहसीलदार आदित्य विशाल और सीओ शमशेर बहादुर सिंह स्वयं लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। वही खमरिया थाना प्रभारी निर्मल तिवारी व ईसानगर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गांवों से लेकर कर्बला तक बड़ी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहकर चप्पे चप्पे पर नजर बनाए रहा। पुलिस व तहसील प्रशासन की इस सतर्कता के चलते पूरे क्षेत्र में मोहर्रम का पर्व पूरी तरह शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



