उत्तर प्रदेश के गोंडा में विद्यालय से लौट रही नाबालिग छात्रा से युवक ने छेड़छाड़ कर दी। घर पहुंचने के बाद छात्रा मां को फफक कर रोने लगी। घटना संज्ञान में आने के बाद एक्शन में आई पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो, आरोपी ने मैराथन की दौड़ लगा दी, जिसमें वह असफल रहा और अपने चलने का अंदाज गंवा बैठा।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 17 मई को छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हाई स्कूल में पढ़ने वाली एक 15 वर्षीय छात्रा दोपहर के बाद विद्यालय से वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान सुकरौली गांव के रहने वाले अजीत यादव पुत्र रामतौल यादव ने रास्ते में छेड़छाड़ कर दी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मां से लिपट कर रोई छात्रा
अपने साथ हुई ज्यादती से छात्रा सहम गई। पीठ पर स्कूल का बस्ता लादे हुए रोते चिल्लाते घर भागी। बेटी को रोते हुए घर आते देखकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई, मां के पास पहुंचते ही छात्रा मां से लिपटकर रोने लगी। उसने अपने साथ हुई ज्यादती की दास्तां सुनाते हुए कहा कि अब वह स्कूल कभी नहीं जाएगी। बेटी का दर्द सुनकर मां के होश उड़ गए। मामले में स्थानीय पुलिस से गुहार लगाई गई।
सीसीटीवी में दर्ज हुई घटना
मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन कर दिया। मामले में जांच करते हुए मनकापुर पुलिस क्षेत्राधिकारी उदित नारायण पालीवाल ने रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे को देखकर घटना की पुष्टि की। जिसके बाद आरोपी के गिरफ्तारी का प्रयास तेज हो गया।
पुलिस के गिरफ्त में आने के बाद लगाई मैराथन
18 मई के रात लगभग 8 बजे छपिया पुलिस ने आरोपी अजीत को थाना क्षेत्र के परसा तिवारी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस से बचकर भागने के लिए मैराथन की दौड़ लगा दी, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। आरोपी रेलवे लाइन के पास लगी बाढ़ को छलांग लगाकर भाग रहा था तभी गिर कर घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया पहुंचाया, जहां इलाज के उपरांत पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने में जुट गई।
बोले सीओ
घटना की पुष्टि करते हुए मनकापुर पुलिस क्षेत्राधिकारी उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि आरोपी गिरफ्तारी के बाद भागने का प्रयास कर रहा था, तभी वह रेलवे लाइन पार करने के दौरान गिरकर घायल हो गया है। आरोपी को गिरफ्तार करके आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

