कमलेश
खमरिया-खीरी:ईसानगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भी बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रखने के लिए बीईओ अखिलानंद राय की अगुवाई में विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में उनके निर्देशन में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अभ्यास हेतु प्रिंटेड गृह कार्य वितरित किया। यही नही शिक्षकों ने बच्चों को नियमित अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने तथा प्रतिदिन गृह कार्य पूरा करने के लिए भी प्रेरित किया। जिसमें मुख्य रूप से कंपोजिट विद्यालय दरिगापुर में प्रधानाध्यापक राजेश यादव ने विद्यार्थियों को गृह कार्य वितरित करते हुए कहा कि अवकाश का अर्थ केवल खेलकूद और आराम नहीं है, बल्कि यह समय पढ़ाई को मजबूत करने का भी अवसर होता है। उन्होंने बच्चों से प्रतिदिन कुछ समय पढ़ाई के लिए निर्धारित करने तथा दिए गए कार्य को समय से पूरा करने की अपील की। साथ ही प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने का अनुरोध किया। इनके अलावा पीएम श्री विद्यालय दिलावलपुर में प्रधानाध्यापक रमेश चंद्र नागर,चंदवापुर पड़री में लालता प्रसाद बाजपेई,गैसापुर में प्रदीप अवस्थी, चौंरा में गंगेश्वर दयाल मिश्रा, मटरिया में अशोक कुमार श्रीवास्तव व बिलौली स्वामीनगर में दुर्गेश श्रीवास्तव,भैसहिया में अनिल कटियार के अलावा अन्य स्कूलों में शिक्षकों एवं शिक्षा मित्रों ने अपनी-अपनी कक्षाओं के विद्यार्थियों को विषयवार प्रिंटेड गृह कार्य उपलब्ध कराया। जिसमें शिक्षकों ने बच्चों को हिंदी, गणित, अंग्रेजी व पर्यावरण विषयों से संबंधित अभ्यास कार्य समझाते हुए नियमित रूप से अध्ययन करने का संदेश दिया। इस दौरान
शिक्षकों ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यदि बच्चे पढ़ाई से पूरी तरह दूर हो जाते हैं तो उनकी सीखने की गति प्रभावित होती है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों में पहले से तैयारी कर बच्चों को सरल एवं उपयोगी गृह कार्य दिया गया है, जिससे बच्चे घर पर रहकर भी अध्ययन से जुड़े रहें। शिक्षकों को इस पहल से बच्चों में उत्साह देखने को मिला।

