पं श्याम त्रिपाठी/ बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। ब्लॉक परिसर स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में सोमवार को 56 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए। स्मार्टफोन मिलने से कार्यकत्रियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर सीडीपीओ रमा सिंह ने कहा कि शासन की मंशा योजनाओं में पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की है। इसी उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों को ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ा जा रहा है तथा सभी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्मार्टफोन के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों के पोषण स्तर का ऑनलाइन डेटा दर्ज करेंगी। पोषण ट्रैकर ऐप के जरिए बच्चों की स्थिति स्वतः लाल, पीली और हरी श्रेणी में प्रदर्शित होगी, जिससे कुपोषित बच्चों की पहचान और निगरानी में आसानी होगी।
सीडीपीओ ने जानकारी दी कि विकास खंड में कुल 162 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं छह मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए जाने हैं। पहले चरण में 56 कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन दिए गए हैं।
इस दौरान मुख्य सेविका दीपाली सिंह, मीताली सिंह, ज्योति सिंह, पूजा, मीरा इकबाल अंसारी, अतुल सिंह, धनंजय सिंह सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में आरती तिवारी, नीलम श्रीवास्तव, मंशा मिश्रा, सन्नो, रामावती, कुसुमा यादव, ममता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


