कमलेश
खमरिया खीरी। खमरिया थाना क्षेत्र के एनएच 730 के बसढिया-सिसैया हाइवे पर बुधवार को ऑटो ई-रिक्शा पलटने से उसके नीचे दबकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जहां परिजनों को बुलाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार ईसानगर थाना क्षेत्र के साहेबदीन पुरवा मजरा बेलागढ़ी निवासी सुरेश (26) पुत्र प्यारे लाल करीब एक माह पहले परिवार का पालन-पोषण करने के लिए हापुड़ में मजदूरी करने गया था। बुधवार को वह वहां से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान खमरिया-सिसैया हाइवे पर ऑटो ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सुरेश उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल सीएचसी खमरिया पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन आनन फानन में सीएचसी पहुचे जहां काफी गहमागहमी के बाद शव को पीएम के लिए भेजा गया। इस दौरान परिजनों ने बताया कि सुरेश की पत्नी खुशबू और करीब डेढ़ वर्षीय पुत्र विकास है, हादसे में परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से पत्नी और मासूम पुत्र के सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।


