ग्राम प्रधान आसिमा खातून ने की पुष्पवर्षा
कमलेश
खमरिया खीरी:ईसानगर क्षेत्र के भेडहिया गांव से सैकड़ों कांवड़ियों का जत्था सोमवार को छोटी काशी गोला में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए रवाना हुआ। कांवड़ियों ने गांव स्थित धार्मिक स्थल से जल भरकर पैदल यात्रा शुरू की। जत्थे के रवाना होते ही पूरा गांव और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा।
कांवड़ियों की यात्रा को लेकर गांव में उत्साह का माहौल रहा। ग्राम प्रधान आसिमा खातून ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाओं के साथ विदा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उनकी यात्रा की सफलता की कामना की। जत्थे के रवाना होने के दौरान प्रदीप वर्मा, प्रधान पति इकबाल, कपिल निषाद, संदीप तिवारी, विनोद शुक्ला, रोहित वर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। कांवड़ियों के जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।

