पं श्याम त्रिपाठी/अखिलेश त्रिपाठी
उत्तर प्रदेश के गोंडा में दोस्तों के साथ अयोध्या निकले युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में घर से कुछ दूर पर पाया गया। मामले में मृतक की बहन ने भाई के हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले में गहराई से जांच करने में जुटी हुई है। वहीं घर वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरुवार के तड़के नवाबगंज थाना क्षेत्र के रामापुर गांव निवासी घिराऊ शर्मा के 18 वर्षीय पुत्र प्रिंस शर्मा का घर से लगभग 1 किलोमीटर दूर नरायनापुर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में शव पाया गया। युवक के साथ घूमने निकले दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार शाम निकला था युवक
मृतक की बहन ऋतु शर्मा ने रोते हुए कहा कि उसका भाई गांव के रहने वाले दो युवकों के साथ बाइक पर सवार होकर बुधवार के शाम 6 बजे के करीब घूमने के लिए अयोध्या गए था। देर रात तक वापस नहीं लौटे, जिसको लेकर परिजन चिंतित थे। गुरुवार के तड़के लगभग 3:30 बजे पड़ोस के रहने वाले लोगों से सूचना मिली कि प्रिंस सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होकर पड़ा हुआ है। जिससे परिवार में सनसनी फैल गई। घर वाले जब दौड़कर पहुंचे तो युवक का शव प्राप्त हुआ। परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं बल्कि धारदार हथियार से हत्या की गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही, नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई, शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वही हादसे में घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बुझ गया कुल का चिराग
मृतक प्रिंस तीन बहनों में इकलौता सबसे छोटा भाई था, मृतक निजी विद्यालय में इंटर फर्स्ट ईयर का छात्र था। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वही बेटे की मौत से, मां पूनम शर्मा रो-रो कर बेहोश हो रही हैं।
बोले थानाध्यक्ष
मामले को लेकर थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने दूरभाष पर बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना प्रतीत होता है, हालांकि परिजनों के आरोप के मुताबिक मामले में जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत वास्तविकता सामने आ जाएगी।



