उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली। दवा लेकर लौट रहे बाइक सवार दो युवक को तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से जोरदार ठोकर दिया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात छपिया थाना क्षेत्र में मसकनवा-बभनान हाईवे मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप से टकराकर क्षेत्र अंतर्गत चुवाड़ के रहने वाले गंगाधर पुत्र राम केवल और रंजीत पुत्र प्रेमचंद की मौत हो गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव और पिकअप को कब्जे में लिया।
दवा लेकर लौट रहे थे युवक
दरअसल,सोनबरसा चौराहे पर सिलाई की दुकान करने वाले रंजीत और खेतिहर गंगाधर मसकनवा में अपनी बाइक खड़ी करके दवा लेने ट्रेन से गोंडा गए हुए थे, देर रात स्टेशन पर उतरने के बाद दवा लेकर घर लौट रहे थे, तभी बभनान के तरफ से आई पिकअप उनके बाइक से टकराते हुए खाई में पलट गई। हादसा होते ही चालक मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों के सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस के जरिए दोनों घायलों को सीएचसी छपिया पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि मौत हो चुकी है।
सूचना मिलते ही मचा कोहराम
दोनों युवक के मौत की जानकारी परिजनों को पुलिस के जरिए मिली, सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। गंगाधर की पत्नी सरस्वती, बेटी अनामिका और बेटा आयुष दहाड़े मारकर रोने लगे। वही रंजीत की पत्नी राधा,बेटे मनप्रीत, अमरजीत और गुरुप्रीत और बेटी गुंजा देवी के आंसू थमने के नाम नहीं लिये।
छिन गया परिवार का सहारा
रंजीत सिलाई करके और गंगाधर खेती करके परिवार का गुजारा करते थे। अचानक से हुए इस हादसे ने परिवार का सहारा छीन लिया। एक साथ दो दो मौत से गांव में शोक की लहर है, लोगों का कहना है कि अभी दोनों को बड़ी जिम्मेदारी निभानी थी, लेकिन इस हादसे ने परिवार का सबकुछ छीन लिया।
क्या कहती है पुलिस
मामले में थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने दूरभाष पर बताया कि सूचना मिलते ही दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने कहा कि मौत हो चुकी है। पिकअप गाड़ी ड्राइवर मौके से भाग निकला है। पलटे हुए पिकअप को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

