कमलेश
खमरिया खीरी। ईसानगर क्षेत्र के रायपुर गांव के पास खेत से घर लौट रहे दो किसानों को नौरंगपुर निवासी बाइक सवार ने तेज रफ्तार से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी खमरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक किसान को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार रायपुर गांव के पास खेत से घर लौट रहे किसान सियाराम पुत्र होली और रामसहारे पुत्र मुंशीलाल को नौरंगपुर निवासी विजय ने अपनी तेज रफ्तार बाइक से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी खमरिया में भर्ती कराया।
वहां चिकित्सकों ने सियाराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामसहारे और बाइक सवार विजय की हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, सियाराम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर परिजन सीएचसी खमरिया पहुंच गए व परिजनों के समक्ष पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। इस बाबत घटना स्थल पर मौजूद परिजनों ने बताया कि बाइक सवार जो नौरंगपुर निवासी युवक विजय है तेज गति में था,जो दोनो किसानों को टक्कर मारकर पास ही में स्वयं गिर गया। जिसको सीएचसी लाया गया जहां सियाराम की मौत हो गई वही बाइक सवार सहित किसान राम सहारे की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

