अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बाराबंकी-बहराइच प्रस्तावित फोरलेन हाईवे को आगे श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर होते हुए गोरखपुर तक विस्तारित किए जाने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपकर क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक महत्व से अवगत कराया।
12 अगस्त को पूर्व सांसद ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को दिए गए पत्र में कहा है कि बाराबंकी-बहराइच फोरलेन मार्ग को यदि श्रावस्ती, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर होते हुए गोरखपुर से जोड़ा जाता है तो इससे पूर्वांचल के कई जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि श्रावस्ती भगवान बुद्ध की तपोस्थली होने के कारण देश-विदेश के बौद्ध अनुयायियों के लिए महत्वपूर्ण स्थल है। वहीं बलरामपुर स्थित प्रसिद्ध देवीपाटन मंदिर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने से पर्यटन को नई गति मिल सकती है। पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने कहा कि प्रस्तावित विस्तार से श्रावस्ती और बलरामपुर के साथ सिद्धार्थनगर तथा गोरखपुर को भी बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा। इससे आवागमन सुगम होने के साथ कृषि, व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से जनहित और क्षेत्रीय विकास को देखते हुए इस मांग पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इस पर केंद्रीय मंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है ।