नागेंद्र प्रताप शुक्ला
बिजुआ खीरी। जनपद लखीमपुर खीरी जिले के भीरा वनरेंज क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। भानपुर ग्राम पंचायत के मजरा राजपुर में तेंदुआ लगातार दिखाई दे रहा है।
स्थानीय निवासी सुजीत के घर के पीछे कई दिनों से तेंदुए को देखा जा रहा है। इससे पहले गांव कन्नापुर के आसपास भी तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की गई थी। शाम होते ही क्षेत्र में भय का माहौल बन जाता है। हालांकि, अभी तक तेंदुए ने किसी इंसान या गोवंश पर हमला नहीं किया है।
बीती शाम ग्रामीणों ने तेंदुए को एक खेत में घूमते हुए देखा और उसकी तस्वीरें अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, तेंदुआ पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में आ रहा है और कई आवारा कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग तेंदुए को पकड़ने का कोई प्रयास नहीं कर रहा है। विभाग आबादी वाले क्षेत्र में हिंसक जानवरों के प्रवेश को रोकने में भी असफल साबित हो रहा है। इस स्थिति से क्षेत्र के निवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।

