![]() |
| ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकलते लोग व पुलिस |
पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
उत्तर प्रदेश के गोंडा में ट्रैक्टर के नीचे दबकर ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार के देर शाम नवाबगंज थाना क्षेत्र के सरयू घाट पुलिस चौकी क्षेत्र के बस्ती रोड पर ट्रैक्टर का अगला पहिया फट जाने से 45 वर्षीय ट्रैक्टर चालक बुद्धू उर्फ नंदकिशोर पुत्र साहब बक्स ट्रैक्टर के नीचे आ गया। जिसे स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस चौकी के जवानों ने बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
![]() |
| अस्पताल में जुटी ग्रामीणों की भीड़ |
गन्ना बेचने जा रहा था युवक
बताया जाता है कि नवाबगंज थाना क्षेत्र के माझा राठ गांव का रहने वाला ट्रैक्टर चालक गांव से गन्ना लदी ट्राली लेकर बस्ती के तरफ चीनी मिल जा रहा था, इसी दौरान ट्रैक्टर का अगला पहिया ब्लास्ट हो गया। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में चला गया। इस दौरान ट्रैक्टर पर सवार ट्रैक्टर चालक नीचे गिरकर ट्रैक्टर से कुचल गया।
![]() |
| मौके पर पहुंची पुलिस |
परिवार में मचा कोहराम
हादसा होते ही आसपास के तमाम लोग मौके पर दौड़ पड़े, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार सहित मृतक के गांव के दर्जनों लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जमावड़ा हो गया। इस दौरान परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा।
बोले इंस्पेक्टर
मामले की जानकारी देते हुए नवाबगंज थाना प्रभारी अभय सिंह ने दूरभाष पर बताया कि सरयू घाट चौकी प्रभारी संजीव सिंह तत्काल मौके पर पहुंच गए थे, घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



