पंश्यामत्रिपाठी /बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा)। थाना परिसर में शनिवार को आयोजित साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं और नागरिकों को डिजिटल और सामाजिक सुरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी तरबगंज डा यू.पी. सिंह ने की, जबकि थानाध्यक्ष अभय सिंह ने संचालन किया।
सीओ सिंह ने कहा कि आज के डिजिटल युग में फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, फिशिंग और सोशल मीडिया हैकिंग जैसी घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है। उन्होंने लोगों को बताया कि इन अपराधों से बचाव के लिए सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने साफ किया कि ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें, अनजान लिंक या ईमेल पर क्लिक न करें, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखें और मोबाइल व कंप्यूटर के ऐप्स व सिस्टम को अपडेट रखें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल या पुलिस को सूचित किया जाए।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम सरकार के मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के तहत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में महिलाओं को दहेज उत्पीड़न, छेड़खानी, एसिड अटैक जैसी सामाजिक समस्याओं और सरकारी सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने कहा कि हर थाने पर स्थापित शक्ति केंद्र महिलाओं को किसी भी प्रकार की शिकायत या सहायता के लिए उपलब्ध हैं। इसके अलावा सरकार द्वारा जारी महिला सहायता हेल्पलाइन नंबर 1090 और 181 के माध्यम से भी मदद प्राप्त की जा सकती है। अभय सिंह ने महिलाओं से अपील की कि वे सतर्क रहें और अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक रहें।
समाधान दिवस पर लोगो की समस्याओ को सुना गया तथा संबंधित कर्मचारी और अधिकारियो से त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया गया।
इस मौके पर सब इंस्पेक्टर विश्वास चतुर्वेदी, नगर चौकी इंचार्ज पंकज यादव, लेखपाल दिनेश यादव, संदीप यादव, राहुल कसौधन,विनित व खडौआ मैनपुर लौव्वावीरपुर तुलसीपुर माझा दत्तनगर सहित तमाम गांवो के लोग और महिलाये मौजूद रही।

