कमलेश
खमरिया-खीरी:करवा चौथ के अवसर पर शुक्रवार को पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिनों ने निर्जला व्रत रखकर करवा चौथ पूजन किया। रात करीब सवा आठ बजे आसमान में जैसे चंद्रमा की झलक दिखाई दी। वैसे ही महिलाओं ने चलनी की ओट से दर्शन कर अर्घ्य दिया और पूजा कर पति की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की। उसके बाद उसी छलनी से पति के दर्शन करने के बाद अन्न जल ग्रहण कर करवा चौथ का निर्जला व्रत खोलकर पति समेत सास ससुर का आशीर्वाद लिया।
करवा चौथ के पर्व पर शुक्रवार को ईसानगर क्षेत्र में सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत का संकल्प लिया,घरों में भगवान गणेश, कार्तिकेय व चौथ माता की पूजा-अर्चना की। पूजन के साथ-साथ व्रतधारी महिलाओं ने सुहागिन महिलाओं को हल्दी कुमकुम लगाकर सुहाग की सामग्री भेंट की। देर शाम को व्रतधारी महिलाएं चांद निकलने का इंतजार करती रही। करीब सवा आठ बजे चांद दिखते ही सुहागिनों ने कलश की पूजा अर्चना कर पति की लंबी आयु की कामना कर शिव-पार्वती की भी पूजा की,इस मौके पर उन्होंने पर्व से जुड़ी वीरावती की कथा भी सुनी।

