पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा)। कस्बे स्थित एफएमआई इंटर कॉलेज के प्रांगण में बुधवार को निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं के साथ एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, सामाजिक जागरूकता और वोट के महत्व पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
मंत्री ने कहा कि जो कांसीराम की बात को समझ गया, वह सम्पन्न हो गया। समझाने वाला धरती पर कभी-कभी आता है। यदि कोई हमारी बात को चार घंटे तक समझ ले, वह समझदार बन जाएगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में पव्वा पिलाकर और पायल देकर वोट लेने की राजनीति चल रही है, जिसे समाप्त करने की जरूरत है।उन्होंने अपील की कि विकाऊ और लालच में पड़ने वाले पियायू लोगों को राजनीति से हटाकर ही समाज की आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जो 70 साल से सरकार बनाकर पछताए, उसे नासमझ कहते हैं। नासमझ को न हटाना भी अज्ञानता है।मंत्री ने दलितों और पिछड़े वर्गों की दशा का जिक्र करते हुए कहा कि पहले उन्हें बुनियादी अधिकारों से भी वंचित रखा गया। उन्होंने 13 दिसंबर को लखनऊ में होने वाली बड़ी रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। कहा कि देश संविधान से चलता है और समाज नियम से चलता है। पहले देश विधान से चलता था, अब संविधान से चलता है। संविधान ही हमारी इज्जत और अधिकारों की रक्षा करेगा।
उन्होंने कहा कि लोगों को अब समझ आ गया है कि वोट के अधिकार का सही प्रयोग कर वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।शिक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जो शिक्षा और इलाज हमें मिल रहा है, वही हर गरीब को मिलना चाहिए। अब सभी को अपने अधिकारों के साथ जीना सीखना होगा।कार्यशाला में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष रामानंद निषाद,पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार निषाद,शिवबक्स निषाद, राजाबाबू निषाद, दिनेश, राजित राम,रेनू,सुनीता, संतोष, कपिल, सालिकराम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

