पं श्याम त्रिपाठी/विंध्यप्रकाश त्रिपाठी
नवाबगंज (गोंडा)। पुलिस ने नकली नोट छापने और उसको चलाने में लिप्त एक संगठित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि क्षेत्र में भ्रमण, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं लंबित विवेचनाओं के दौरान स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि अर्जुन गोस्वामी पुत्र मनोहर निवासी कम्हौरा थाना कर्नलगंज तथा विश्वनाथ सिंह पुत्र स्वर्गीय भगवती सिंह निवासी तुलसीपुर माझा थाना नवाबगंज एक संगठित गिरोह का संचालन कर रहे हैं। गिरोह का सरगना अर्जुन गोस्वामी है, जो अपने सहयोगियों के साथ जनपद में जाली नोट तैयार कर उन्हें असली मुद्रा के रूप में खपाने का कार्य करता है।पुलिस के अनुसार दिनांक 23 मई 2025 को पुलिस द्वारा छापेमारी कर गिरोह के सरगना एवं सदस्य को जाली नोट छापने के उपकरण, जाली भारतीय नोट तथा अर्धनिर्मित नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस गिरोह की गतिविधियों से न केवल आर्थिक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी बल्कि आम जनता में नकली नोटों के प्रचलन को लेकर भय का माहौल भी बना हुआ था।अभियुक्तों के विरुद्ध गैंग चार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट गोंडा को भेजा गया था, जिसे 16 जनवरी 2026 को अनुमोदित किया गया। अनुमोदन की प्रति 17 जनवरी को प्राप्त हुई। उसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।अभियुक्तों का स्वच्छंद विचरण जनहित में नहीं है।

