कृष्ण मोहन
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में भारी पुलिस बल के साथ अवैध कब्जे पर बुलडोजर लेकर पहुंचते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने बुलडोजर चला कर मकान व दुकानों को जमींदोज कर दिया। अभी और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होना बाकी है। जिसको लेकर अवैध कब्जेदारों में खलबली मची हुई है।
![]() |
| लगी भीड़ |
बता दे कि गुरुवार के दोपहर में सदर तहसील अंतर्गत देहात कोतवाली के खोरहंसा गांव में लगभग डेढ़ बीघा ग्राम समाज की नवीन परती जमीन को बुलडोजर चलाकर प्रशासन ने कब्जा मुक्त करा दिया। इस दौरान संचालित मदरसे, मकान व तीन दुकानों को तोड़ दिया गया।
![]() |
| दो मंजिले पर चला बुलडोजर |
अदालत के आदेश पर कार्यवाही
बताया जाता है कि देहात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरहंसा गांव में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा करके एक मदरसा अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था, इसी जमीन में तीन दुकानों और एक दो मंजिले मकान का अवैध रूप से निर्माण करके कब्जा कर लिया गया था। मामले में सदर तहसीलदार की अदालत ने अवैध कब्जा ढहाए जाने के लिए आदेश जारी किया था। मामले में अवैध कब्जेदारों ने अपील की थी लेकिन उनकी अपील निरस्त हो गई थी। जिसके आधार पर जिलाधिकारी के आदेश पर तहसील प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया है।
पुलिस प्रशासन मौजूद
कार्रवाई के दौरान सदर तहसील के उपजिलाधिकारी अशोक गुप्ता, तहसीलदार मनीष कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर शिल्पा वर्मा, ट्रैफिक क्षेत्राधिकारी आनंद राय के अलावा देहात थाना प्रभारी थाने की भारी पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे ।
![]() |
| जानकारी देते एसडीएम |
अभी और होगी कार्रवाई
सदर उपजिलाधिकारी अशोक गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में पर्याप्त पुलिस बल के साथ दो बुलडोजर से बेदखली की कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त आठ अन्य लोगों के मामले में बेदखली का आदेश पारित हुआ है, जिसमें अपील की गई है, जो अभी विचाराधीन है। अपील को निरस्त करवा करके बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। आज 12000 वर्ग फीट जमीन खाली कराई गई है। मदरसा काफी समय से बंद था उसमें कोई छात्र नहीं पढ़ता था।




