उत्तर प्रदेश के गोंडा में दो बाइक के आमने-सामने के टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दोनों बाइकों पर सवार दो-दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है, वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, रोते बिलखते हुए परिजनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जमावड़ा लग गया।
![]() |
| फाइल फोटो मृतक |
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार के देर शाम लगभग 7 बजे मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के खरिका बगिया के पास दो बाइकों के आमने-सामने के टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सूचना पर पहुंचे एम्बुलेंस ने तीन युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कोतवाली क्षेत्र के बैरीपुर रामनाथ गांव के रहने वाले 18 वर्षीय अमित पुत्र राजेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया, वही गांव के रहने वाले 25 वर्षीय कमल किशोर पुत्र अशोक और 17 वर्षीय गोलू पुत्र सत्यदेव को गंभीर दशा में जिला मुख्यालय रेफर कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार घायलों को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
![]() |
| अस्पताल में गांव के लोग व परिजन |
दुकान से वापस लौटते समय हुआ हादसा
बताया जाता है कि लगभग 20 - 25 दिन पहले कमल किशोर ने मद्दौ भट्ठा में बैटरी रिक्शा रिपेयरिंग का दुकान खोला था, जहां घूमने के लिए गांव के गोलू और अमित गए हुए थे। शाम को दुकान बंद करने के बाद तीनों बाइक पर सवार होकर तीनों जब वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी खरिका बगिया के पास सादुल्लाह नगर के तरफ जा रहे मोटरसाइकिल से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
![]() |
| अस्पताल में रोते बिलखते परिजन |
जिससे दूसरे मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग और कमल किशोर के बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सूचना पर एंबुलेंस के जरिए तीनों घायलों को सीएचसी मनकापुर पहुंचाया गया। वहीं लोगों के सूचना पर पहुंचे दूसरी बाइक सवार के परिजन उन्हें सादुल्लाह नगर स्थिति निजी अस्पताल लेकर चले गए। अमित का मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और गांव के तमाम लोग अस्पताल पहुंच गए, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा।
![]() |
| अस्पताल में रोते बिलखते परिजन |
इंटर का छात्र था मृतक
गांव के रहने वाले अभिनव मिश्रा के मुताबिक मृतक अमित कस्बे के एक निजी इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का छात्र था। विद्यालय में छुट्टी होने के कारण घूमने के लिए गांव के रहने वाले कमल किशोर के नई दुकान पर चला गया था। जहां से लौटने के दौरान दुखद हादसे का शिकार हो गया।
![]() |
| प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ डीके भास्कर |
बोले चिकित्सक
मामले में मनकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉक्टर डीके भास्कर ने बताया कि, एक युवक को मृत अवस्था में लाया गया था, शेष दो युवकों को भी चोट आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर जांच और उपचार के लिए जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया था।
बोले इंस्पेक्टर
मनकापुर प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने दूरभाष पर बताया कि, घटनास्थल से बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। दूसरे बाइक पर सवार दोनों युवकों की जानकारी हासिल की जा रही है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया जा रहा है।






