उत्तर प्रदेश के गोंडा में न्यू मेडलाइफ अस्पताल में कार्यरत दो कर्मचारियों के बीच मारपीट के दौरान चाकू चले, जिसमें एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार के देर रात धानेपुर थाना क्षेत्र के अलावल देवरिया स्थित न्यू मेडलाइफ हॉस्पिटल में कार्यरत स्टाफ (वार्ड बॉय) के बीच हुए मारपीट में बीच बचाव करने पहुंचे थाना क्षेत्र के बेलहारी गांव के रहने वाले 40 वर्षीय आनंद पांडेय पुत्र उमानाथ पाण्डे और आनंद की बहन पिंकी शुक्ला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आनंद पांडे की मौत हो गई।
![]() |
| लगी भीड़ |
काम को लेकर पहले व्हाट्सएप पर हुई जंग
बताया जाता है कि न्यू मेडलाइफ हॉस्पिटल में सत्य प्रकाश शुक्ला और अनुपम शुक्ला वार्ड बॉय के रूप में काम करते हैं, रविवार की रात सत्य प्रकाश शुक्ला ड्यूटी पर पहुंचे तो ज्ञात हुआ कि अनुपम अपना पूरा काम निपटाए बिना चले गए है। यह सूचना सत्य प्रकाश ने अस्पताल के व्हाट्सएप ग्रुप पर प्रसारित कर दी। जो अनुपम को नागवार गुजरी, इसी बात को लेकर व्हाट्सएप ग्रुप पर दोनों के मध्य विवाद खड़ा हो गया, जो कुछ देर बाद अस्पताल के जमीन पर उतर गया।
![]() |
| परिजनों में शोक |
भांजे को बचाने आए मामा की हत्या
दरअसल, सोशल मीडिया पर दोनों के बीच जंग इस कदर बढ़ गई कि दोनों ने एक दूसरे को चैलेंज करते हुए अस्पताल में अपने-अपने करीबियों को बुला लिया। अस्पताल के अंदर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के परिवार वालों ने दोनों को शांत करने का पूरा प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। मारपीट के दौरान चोट लगने से सत्य प्रकाश की मां पिंकी शुक्ला जख्मी हो गई, बहन को जख्मी होते देख आनंद पांडे, और सत्य प्रकाश के गुस्से में उबाल आ गया। जिससे मारपीट तेज हो गई, तभी मौका पाकर अनुपम शुक्ला उर्फ अन्नू ने चाकू से आनंद के गर्दन पर हमला बोल दिया। जिससे उनकी स्थिति गंभीर हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 40 वर्षीय आनंद पांडे को मृत घोषित कर दिया।
सत्य प्रकाश की मां का दर्द
पिंकी शुक्ला ने रोते हुए बताया कि बेटे से अस्पताल में काम कर रहे अनुपम से विवाद हुआ था। दोनों के बीच हुए विवाद की जानकारी मिलने के बाद वह अपने भाई आनंद के साथ अस्पताल पहुंची थी, जहां बीच बचाव करने के दौरान अनुपम ने मारपीट करते हुए उसे घायल कर दिया, उसने भाई के गर्दन पर चाकू मार करके हत्या कर दी।
वार्ड बॉय के तहरीर पर मुकदमा दर्ज
वार्ड बॉय सत्य प्रकाश शुक्ला के शिकायती पत्र पर धानेपुर पुलिस ने पांच नामजद लोगों के अलावा तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दिया है। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
![]() |
| क्षेत्राधिकारी ने दी जानकारी |
बोली सीओ
मामले में सदर क्षेत्राधिकारी शिल्पा वर्मा ने वीडियो बयान जारी करते हुए कहा कि ड्यूटी शिफ्ट को लेकर निजी अस्पताल के वार्ड बॉय के बीच मारपीट हो गई, दोनों वार्ड बॉय ने अपने-अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया। जिसमें एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की मौत हो गई है। धानेपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




