उत्तर प्रदेश के गोंडा में विद्युत विभाग की लापरवाही से हाई टेंशन लाइन टूट कर गिरने से युवक की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, वही मृतक के भाई ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार के सुबह नगर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पोर्टरगंज पथवलिया गांव में जर्जर हाईटेंशन लाइन गिरने से 35 वर्षीय रंजीत तिवारी की झुलस कर मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। तीनों छोटे-छोटे बच्चों सहित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
![]() |
| रोते बिलखते परिजन |
हवा के झोंके से गिर गया तार
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक कंपोजिट विद्यालय पथवालिया के साथ रंजीत तिवारी के घर के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। जिसके लिए रंजीत बिजली विभाग से तार हटाने की लगातार गुजारिश कर रहा था, लेकिन विभाग ने विद्युत तार हटाने या दुरुस्त करने की जहमत नहीं उठाई, शुक्रवार को तेज हवा के झोंके से पेड़ में टकराने के बाद तार जोर जोर से झूलने लगा, जिसको देखते हुए रंजीत ने मोहल्ले के लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दे रहे थे, इसी दौरान अचानक विद्युत तार टूट कर रंजीत के ऊपर ही गिर गया। जिससे झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई।
![]() |
| परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल |
विभाग के अधिकारियों पर आरोप
मृतक के भाई अमरजीत तिवारी के मुताबिक उनका भाई रंजीत एक प्रतिष्ठित अखबार में बतौर पत्रकार काम करता था। वह बीते कई वर्षों से विद्युत तार को स्थानांतरित करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों से लगातार पैरवी कर रहा था। लेकिन विद्युत अधिकारियों ने हर बार सिर्फ आश्वासन ही दिया, यदि समय रहते तार को स्थानांतरित कर दिया जाता या मरम्मत करके व्यवस्थित कर दिया जाता तो, उसका भाई आज जीवित होता। अमरजीत तिवारी ने घटना को लेकर विद्युत अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। मृतक के भाई के मुताबिक अधिकारियों के लापरवाही से उसके भाई की जान चली गई है। वही, नंदलाल दुबे ने बताया कि विद्युत तार को व्यवस्थित करने के लिए विद्यालय के अलावा गांव के लोगों ने 100 से अधिक शिकायती पत्र दिया है, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारियों ने कभी समस्या का समाधान करने की जरूरत नहीं उठाई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई, वहीं घटना के बाद ग्रामीणों की मौके पर भारी भीड़ जुटी रही।



