उत्तर प्रदेश के गोंडा में तिजोरी लादकर जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराते हुए घर में घुस गई, जिससे पिकअप सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप को काटकर तीनों सवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार को तड़के 5:00 बजे लखनऊ से तिजोरी लेकर मनकापुर जा रहे पिकअप चालक को झिलाही कस्बे से पहले नींद की झपकी आ गई। जिससे तेज रफ्तार से चल रही पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराने के बाद पेड़ से टकराई, इसके बाद बेकाबू हुई गाड़ी घर में घुस गई जिससे पिकअप के दोनों दरवाजे क्षतिग्रस्त होकर जाम हो गए। हादसे में पिकअप में सवार हाथरस जिले के सिकंदराबाद अंतर्गत श्यामपुर गांव के रहने वाले सचिन पुत्र जगदीश, क्षेत्र के ही महेवा गांव निवासी मनोज कुमार सिंह पुत्र सुभाष सिंह और गांव के ही अमन पुत्र सरवन घायल होकर पिकअप के अंदर फस गए।
कटर से काटे गए दरवाजे
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को पिकअप से बाहर निकालने का अथक प्रयास किया, घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची मनकापुर पुलिस ने कटर से पिकअप के दरवाजे को काटकर घायलों को बाहर निकलवाया, एंबुलेंस के जरिए सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय रेफर कर दिया।
पिकअप के उड़े परखच्चे
लगातार एक के बाद एक ठोकर खाने के बाद पिकअप के बोनट से लेकर दरवाजे तक का हिस्सा, चकनाचूर हो गया। रही सही कसर गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकालने के दौरान पूरी हो गई।
क्या कहती है पुलिस
मौके पर मौजूद पुलिस कांस्टेबल भगवान शुक्ला ने दूरभाष पर बताया कि सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने तीनों घायलों को रेफर कर दिया है, हालांकि तीनों की स्थिति सामान्य है।




