पं श्याम त्रिपाठी/मनीष
नवाबगंज । थाना क्षेत्र के दुर्गागंज माझा में पुराने सरयू पुल के पास सड़क किनारे बृहस्पतिवार सुबह एक 45 वर्षीय युवक का सड़ी-गली अवस्था में शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों ने पुराने सरयू पुल के बाईं ओर गांव की सड़क के किनारे शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया। कुछ देर बाद अयोध्या में मजदूरी करने वाले भीम कुमार राठौर ने शव की पहचान दिल्लू शाह (45) निवासी कंडौली गांव, थाना सहतवार, जिला बलिया के रूप में की।भीम कुमार ने बताया कि दिल्लू शाह अयोध्या स्थित रामकथा संग्रहालय में गांव के अन्य मजदूरों के साथ रहकर मजदूरी करते थे। करीब तीन दिन पहले वह अयोध्या से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला, जिसकी सूचना अयोध्या पुलिस को भी दी गई थी।थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शव काफी सड़ी-गली अवस्था में मिला है, जिससे प्रतीत होता है कि मौत तीन से चार दिन पहले हुई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा सोनू (20), मोनू (15), धानू (10) तथा बेटी रूबी (17) है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

