पंश्याम त्रिपाठी/ मनीष यादव
नवाबगंज, गोंडा। अंतर्गत ग्रामसभा तुलसीपुर मांझा के पूरे गुरुशरण पुरवा में बीती रात लगभग 2:30 बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पांच छप्पर फूस के मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित लल्ला यादव पुत्र राम लखन पहलवान के घर में आग लगने से गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में घर में रखे लगभग 2.5 लाख रुपये मूल्य के जेवरात भी आग की भेंट चढ़ गए। इसके अलावा एक लकड़ी की संदूक, एक बड़ा बक्सा, एक छोटा बक्सा, एक अलमारी तथा तीन लकड़ी की चौकियां भी जलकर स्वाहा हो गईं।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। इस अग्निकांड में पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

