कमलेश
पलिया (खीरी)। पलिया पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी और एक अवैध 12 बोर तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मोहल्ला शुभाषनगर निवासी 28 वर्षीय राकेश पुत्र नन्हे लाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दो दर्ज मुकदमों का सफल अनावरण किया। इस दौरान आरोपी के पास से पीली धातु की चेन का टुकड़ा, एक लॉकेट, 750 रुपये नकद, दो लेडीज पर्स के अलावा एक अवैध देशी तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। इसी
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ-साथ शस्त्र अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। इस बाबत थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही कहा कि चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य संदिग्धों की भी जांच की जा रही है, ताकि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

