कमलेश
खमरिया-खीरी:चौधरी बेचे लाल डिग्री कॉलेज रसूलपुर में रिजल्ट लेने निकली और अगले दिन सड़क किनारे घायल अवस्था में मिली 22 वर्षीय छात्रा नीलम की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ईसानगर पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिसने पूछताछ में गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार फूलपुर गांव निवासी नीलम सोमवार को रसूलपुर स्थित चौधरी बेचेलाल डिग्री कॉलेज में अपना रिजल्ट लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। अगले दिन वह भरेटा के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में मिली,उसके गले और हाथों पर चोट के निशान पाए गए थे। जिसकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह ने जांच तेज की और साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर फूलपुर मजरा अदलीशपुर निवासी 27 वर्षीय सुनील राजपूत पुत्र चन्द्रिका प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। जिसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने नीलम का गला दबाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसके चलते उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस कार्रवाई के दौरान मिली सफलता में थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में ईसानगर थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। वही पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़ी पूरी सच्चाई सामने आ सके।

