अखिलेश्वर तिवारी
देश के कोने-कोने तक, विशेष रूप से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा का विस्तार करना तथा कौशल आधारित और व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रदान करके युवाओं को रोजगार के योग्य बनाना ही इग्नू का मुख्य उद्देश्य है।
यह बातें 24 जून को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ की क्षेत्रीय निदेशक डॉ अनामिका सिन्हा ने एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर में संचालित इग्नू अध्ययन केन्द्र के एक दिवसीय निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इग्नू समाज के सभी वर्गों विशेषकर दूरदराज के क्षेत्रों, कामकाजी पेशेवरों और वंचित समूहों तक उच्च गुणवत्ता वाली, लचीली और किफायती उच्च शिक्षा पहुँचाना है। इसका महत्व शिक्षा के लोकतंत्रीकरण और छात्रों को बिना नियमित कक्षाओं के अपनी गति से पढ़ने की स्वतंत्रता देने में निहित है। क्षेत्रीय निदेशक डॉ अनामिका सिन्हा ने बताया कि इग्नू का जुलाई 2026 की प्रवेश प्रक्रिया संचालित हो रही जो 15 जुलाई तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू की वेबसाइट www.ignou.ac.in पर जाकर आधार के द्वारा अपार आई डी के माध्यम से समर्थ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर के प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। इग्नू की ओर से 330 मुक्त दूरस्थ लर्निंग तथा 44 ऑनलाइन प्रोग्राम संचालित किये जा रहे हैं। इग्नू द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा एवं प्रमाण पत्र कार्यक्रम विभिन्न विषयों में प्रस्तावित है। स्नातक स्तर पर अर्थशास्त्र, हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति, समाजशास्त्र ,संस्कृत,ऊर्दू के साथ साथ गृहविज्ञान, पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया, पर्यटन प्रबंधन, शिक्षाशास्त्र विषयों में कला स्नातक की डिग्री हासिल कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग, जलवायु परिवर्तन व भूगोल में एमएससी तथा ज्योतिष, भगवदगीता अध्ययन, संस्कृत विषय से एम ए के साथ ही साथ आपदा प्रबंधन में डिप्लोमा शिक्षण भी प्रस्तावित है। क्षेत्रीय निदेशक डॉ अनामिका सिन्हा ने इस दौरान नवीन सत्र की इग्नू की प्रोस्पेक्टस प्रति महाविद्यालय की मुख्य नियन्ता प्रो वीणा सिंह को सौंपी। मुख्य नियन्ता प्रो0 वीणा सिंह ने क्षेत्रीय निदेशक डॉ सिन्हा का स्वागत करते हुए उनके प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर आई क्यू ए सी के कोऑर्डिनेटर प्रो0 एस पी मिश्र, विभागाध्यक्ष वनस्पति विज्ञान डॉ राजीव रंजन, रोजगारपरक शिक्षा प्रभारी डॉ सद्गुरु प्रकाश, परीक्षा प्रभारी डॉ लवकुश पाण्डेय तथा महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी लेफ्टिनेंट (डॉ) देवेन्द्र कुमार चौहान सहित इग्नू के कर्मचारी भी मौजूद रहे।