अधीक्षक ने छुटे बच्चों को दवाई दिलवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से संपर्क करने का दिया संदेश
कमलेश
खमरिया-खीरी।ईसानगर क्षेत्र में रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह की देखरेख में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। अभियान के तहत क्षेत्र में बनाये गये 120 पोलियो बूथों पर सुबह से ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ शिक्षा विभाग एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग के कर्मचारियों ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक खुराक पिलानी शुरू की जो दोपहर बाद तक अभियान चलता रहा। अभियान के दौरान कुल 20,561 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। इस दौरान भीषण गर्मी में भी सभी बूथों पर स्वास्थ्य कर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे। वहीं सुपरवाइजरों ने लगातार बूथों का निरीक्षण कर अभियान की निगरानी की। यही नही इसके अलावा सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह भी विभिन्न बूथों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस बाबत अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक देकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है। इस बीच उन्होंने अभिभावकों से अपील भी की यदि कोई बच्चा किसी कारणवश बूथ पर खुराक लेने से वंचित रह गया हो तो स्वास्थ्य विभाग की टीम से संपर्क कर उसे पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।

