अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के विकास खंड पचपेड़वा क्षेत्र अंतर्गत इंडो नेपाल सीमावर्ती गांव इमलिया कोडर में आयोजित 15 दिवसीय भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण समर कैंप का समापन गुरुवार को किया गया ।
25 जून को सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को उत्तर प्रदेश पुलिस, भारतीय सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs), होमगार्ड एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती हेतु प्रोत्साहित करने तथा आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित 15 दिवसीय भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण समर कैंप का समापन सीमावर्ती ग्राम इमलिया कोडर, विकास खंड पचपेड़वा में संपन्न हुआ । समापन समारोह में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता तथा मनोरंजन कुमार पाण्डेय, कमांडेंट, 09वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभागियों को संबोधित किया । उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए । प्रशिक्षण शिविर युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, जिला प्रशासन बलरामपुर तथा 09वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बलरामपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण शिविर में सीमावर्ती क्षेत्र के कुल 114 युवाओं (52 युवक एवं 62 युवतियां) ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न सुरक्षा बलों एवं विभागों में भर्ती हेतु आवश्यक शारीरिक दक्षता, दौड़, व्यायाम, लिखित परीक्षा की तैयारी, भर्ती प्रक्रिया की जानकारी तथा निर्धारित चिकित्सीय मानकों के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन 09वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बलरामपुर के कार्मिकों व प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया गया। अधिकारियों ने युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा उन्हें रोजगार एवं सेवा के बेहतर अवसरों हेतु तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों एवं अभिभावकों द्वारा इस प्रशिक्षण शिविर को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए जिला प्रशासन एवं सशस्त्र सीमा बल के प्रति आभार व्यक्त किया गया।