कमलेश
खमरिया/धौरहरा खीरी। धौरहरा रेंज के अंतर्गत बीआरसी धौरहरा में बुधवार को नवागत वनक्षेत्राधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गोपाल शंकर अवस्थी, क्षेत्रीय वन अधिकारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सभी को हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने की शपथ के साथ हुआ।

