उत्तर प्रदेश के गोंडा में स्ट्रीट लाइट में उतरे करेंट के चपेट में परीक्षा देने आए भाई बहन आ गए, जिससे भाई की दर्दनाक मौत हो गई, वही बहन को गंभीर दशा में लखनऊ रेफर किया गया है। उसकी स्थित नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार के सुबह लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में बीएड की परीक्षा देने आए भाई बहन हादसे के शिकार हो गए। स्ट्रीट लाइट के खंबे में उतरे करंट के चपेट में बहन आ गई, जिसे बचाने की जद्दोजहद में भाई की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से झुलस कर घायल हुई बहन को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के उपरांत लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
विद्यालय के सामने लगे स्ट्रीट लाइट में उतरा करंट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जनपद बहराइच अंतर्गत हुजूरपुर थाना क्षेत्र के भगड़वा गांव के रहने वाले विमल सैनी पुत्र श्रीकांत सैनी अपनी बहन प्राची को लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में बीएड की परीक्षा दिलाने आया था। कॉलेज के सामने सड़क के किनारे लगी स्ट्रीट लाइट के खंभे में बरसात के कारण करंट उतर रहा था। परीक्षा शुरू होने के इंतजार के दौरान प्राची खंबे के पास पहुंच गई, जहां वह करंट की चपेट में आने से तड़पने लगी। बहन को करंट लगते हुए देखकर भाई दौड़ पड़ा, उसने बहन को धक्का देकर दूर कर दिया, लेकिन खुद को नहीं बचा सका। बहन को धक्का देते ही वह खुद स्ट्रीट लाइट के पोल से चिपक गया।
हादसे से हड़कंप
हादसा होते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया, उन्होंने भाई बहन को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान भाई की मौत हो गई। जबकि बहन के स्थित को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, रोते बिलखते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। मां अन्नपुर्णा देवी ने रोते हुए कहा कि हम बेटे की शक्ल भी नहीं देख सके, उसके शव को चीर घर भेज दिया गया। वही मामले में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


