उत्तर प्रदेश के गोंडा में दिल दहला देने वाली घटना की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें अपराधी बेखौफ अंदाज में बमबारी करते दिखाई पड़े। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अपराधियों समेत एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जानकीनगर मोहल्ले में रहने वाली डाली सिंह के घर पर हुई बमबारी का ऐसा वीडियो सामने आया कि जिसे देखकर लोग दंग रह गए हैं। वीडियो में साफ दिखाई पड़ रहा है कि बदमाश बेखौफ अंदाज में इस तरह से बमबारी कर रहे हैं कि जैसे वह दिवाली की खुशियां मना रहे हो या किसी फिल्म की शूटिंग में बदमाश का किरदार निभा रहे हो। मामला संज्ञान में आने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दिया था। जिसमें आधी रात को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने देवेंद्र श्रीवास्तव को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। जिसके शिनाख्त पर पुलिस ने अर्पित पांडे और एक बाल अपचारी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
यहां क्लिक करके देखिए लाइव वीडियो
वीडियो देखकर खड़े हो जाएंगे रोंगटे
दरअसल, सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों का बमबारी करते हुए वीडियो सामने आया है, जिसमें मुंह पर गमछा लपेटकर पहुंचे बदमाश धुआंधार बमबारी करते हुए नजर आ रहे हैं। बम के फटते ही धुएं का गुबार और तेज धमाके भी सुनाई पड़ रहे हैं। बमबारी के धमाके का एहसास इसी से किया जा सकता है कि बम के फटते ही सीसीटीवी कैमरे की पिक्चर हिल जाती है। कुछ देर के लिए सीसीटीवी कैमरे में धुएं के अतिरिक्त और कुछ नजर नहीं आता है। बेखौफ अपराधियों ने धुआंधार बमबारी करके कानून और व्यवस्था को ठेंगे पर रख दिया। 18 मई 2026 की रात 9 बजकर 25 मिनट पर सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। महज कुछ ही समय में दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ बमबारी की।
पीड़िता का आरोप
पीड़िता डाली सिंह का आरोप है कि हमलावर गंदी गंदी गालियां देते हुए बमबारी कर रहे थे, उन्होंने बमबारी के साथ गोलियां भी चलाई थी। पीड़िता के मुताबिक हमलावरों ने सात आठ बम लगातार फोड़े थे। उस दौरान वह अपने बच्चों के साथ घर में छुपकर अपनी जान बचाने में जुटी हुई थी। घटना के दौरान ही डायल 112 पुलिस को सूचना देकर पूरे मामले से अवगत कराया था। सुबह होने पर स्थानीय पुलिस में लिखित शिकायती पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता का आरोप है कि रंगदारी न देने पर बीते वर्ष वजीरगंज के रहने वाले कप्तान सिंह ने पति राघवेंद्र सिंह पर गोली चलाई थी, मामले में तब 817/ 2025 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था।
![]() |
| बदमाश से बरामद बाइक |
![]() |
| बदमाश से बरामद तमंचा |
बोले एसपी
मामले में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने घटना का जिक्र करते हुए बताया कि आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया था, 19/20 की रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई, जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोली चलाई जिससे बदमाश घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पल्सर बाइक सवार बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, पीले रंग की पल्सर बाइक बरामद की गई है। मामले में एक बाल अपचारी सहित घटना के मास्टरमाइंड अर्पित पांडे को गिरफ्तार किया गया है। दो अपराधियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।



