कमलेश
लखीमपुर खीरी।जनपद के कस्बा सिंगाही के मोहल्ला बाढ़ियन टोला, वार्ड नंबर 9 में गुरुवार तड़के बारिश के दौरान करंट लगने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक अल्ताफ हुसैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन में उपचार चल रहा है।
![]() |
| घर पर ग्रामीणों की भीड़ |
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे बारिश शुरू होने पर चुन्ना अपने आंगन में सूख रहे कपड़े उतारने पहुंचे। इसी दौरान टीन में उतरे करंट के कारण कपड़े फैलाने वाले लोहे के तार में भी बिजली प्रवाहित हो गई और वह उसकी चपेट में आ गए। चुन्ना की चीख-पुकार सुनकर उनकी पत्नी नसरीन बानो तथा दोनों बेटे शीबू और शराफत उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इसी बीच चुन्ना के छोटे भाई हकीमुद्दीन का 20 वर्षीय बेटा अल्ताफ हुसैन डंडा लेकर मौके पर पहुंचा। उसने करंट प्रवाहित कर रहे तार पर डंडे से प्रहार कर उसे तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन तार टूटकर उसके ऊपर ही आ गिरा। तेज करंट लगने से अल्ताफ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई तथा घायलों को तत्काल सीएचसी निघासन पहुंचाया, जहां चुन्ना, उनकी पत्नी नसरीन बानो और दोनों बेटों का उपचार जारी है। जनपद में हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वही मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

