पं श्याम त्रिपाठी/अखिलेश त्रिपाठी
नवाबगंज, गोंडा। थाना नवाबगंज पुलिस ने महंगूपुर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान कुलदीप यादव पुत्र रामचरन यादव, निवासी गुरुशरण पुरवा, तुलसीपुर माझा, थाना नवाबगंज, जनपद गोंडा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान महंगूपुर मोड़ के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोंडा और बस्ती जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, गिरोहबंद अधिनियम सहित कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ वर्ष 2017 से 2026 तक कुल 11 मुकदमों का आपराधिक इतिहास बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ नवाबगंज थाने में चोरी और बरामदगी से संबंधित पुराने मुकदमे, आर्म्स एक्ट के मामले तथा बीएनएस की धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा बस्ती जनपद के छावनी, हरैया, परसरामपुर और रुधौली थानों में भी उसके खिलाफ विभिन्न मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गौरव सिंह, कांस्टेबल अशोक कुमार राय, रामवीर यादव, अभिषेक यादव और रामअवतार यादव शामिल रहे।
मीडिया सेल, गोंडा के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।



