कमलेश
लखीमपुर खीरी:जनपद के थाना फरधान पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए पांच चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे व पीतल के टुकड़े, मशीनरी के पार्ट्स और 1500 रुपये की नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन बालिग तथा दो बाल अपचारी बताए गए हैं।
थाना प्रभारी निराला तिवारी के अनुसार, ग्राम गंगापुर मजरा हिंदौलना निवासी जयकरन लाल ने नौ जुलाई को गांव में चोरी की तहरीर दी थी। इसके अलावा 12 अगस्त को ग्राम जमेहड़पुरवा निवासी रामचन्द्र ने गुमचिनी में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को चोरी का माल बेचने की फिराक में घूम रहे आरोपियों के बारे में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अमानलाला मोड़ से गांव की ओर करीब 100 मीटर की दूरी पर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास पांच बोरियों में लोहे-पीतल के टुकड़े, मशीन के पार्ट्स और 1500 रुपये नकद मिले। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने करीब तीन दिन पहले गुमचिनी स्थित एक बंद पड़े आटा-कटेज उद्योग से लोहे व मशीनरी का सामान चोरी किया था। चोरी का सामान जंगल में छिपाकर रखा गया था और उसे बेचने की तैयारी की जा रही थी। आरोपियों ने करीब एक माह पहले गंगापुर गांव के एक घर से एलसीडी और कुछ रुपये चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक एलसीडी को उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया था और उससे मिले रुपये आपस में बांट लिए थे।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धाराओं की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक वर्मा उर्फ फूल पुत्र सुभाष चंद्र वर्मा निवासी गुमचिनी, अमित वर्मा पुत्र प्रमोद वर्मा निवासी ढकवा और मनोज कुमार पुत्र सुरेश निवासी गुमचिनी के रूप में हुई है। दो अन्य आरोपी बाल अपचारी हैं।
पुलिस ने आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आकाश भाटी, उपनिरीक्षक राजेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल मोहम्मद वकील, कांस्टेबल गुलशन कुमार, विकास कुमार, रिजवान अमन कुमार, अभिषेक यादव और आनंद शामिल रहे।



