कमलेश
ईसानगर खीरी। शिक्षा से वंचित रह रहे 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग ने सर्वे अभियान शुरू किया है। ईसानगर विकासखंड में 18 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान की जिम्मेदारी लगभग सभी शिक्षकों और शिक्षा मित्रों को सौंपी गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी अखिलानंद राय के निर्देश पर शिक्षक एवं शिक्षा मित्र गांव-गांव पहुंचकर ऐसे बच्चों की जानकारी जुटाएंगे, जो किसी कारणवश स्कूल नहीं जा रहे हैं या पढ़ाई बीच में छोड़ चुके हैं। सर्वे के दौरान बच्चों की उम्र, शैक्षिक स्थिति और स्कूल से दूर रहने के कारणों की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
विभाग का उद्देश्य सर्वे के माध्यम से आउट ऑफ स्कूल बच्चों की सही पहचान कर उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। सर्वे के बाद चिन्हित बच्चों को उनकी आयु और शैक्षिक स्तर के अनुसार विद्यालय में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। शुक्रवार को बीईओ अखिलानंद राय ने शिक्षकों एवं शिक्षा मित्रों से अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान से क्षेत्र में स्कूलों से दूर रह रहे बच्चों की वास्तविक संख्या सामने आने के साथ ही उन्हें शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।



