पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
गोंडा। रामपुर डिहवा गांव में 18 वर्षीय प्रिंस शर्मा की मौत के बाद शुक्रवार को गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार अयोध्या में किया गया। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा रहा। अंतिम संस्कार से पहले परिजनों ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नाराजगी जताई। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा।
![]() |
| मौजूद पुलिस फोर्स |
बताया गया कि प्रिंस बुधवार शाम दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला था। इसके बाद बृहस्पतिवार भोर करीब चार बजे उसका शव नारायनपुर गांव के पास सड़क किनारे मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसके साथ गए युवकों पर हत्या का आरोप लगाया। मामले में नवाबगंज थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव गुरुवार शाम गांव पहुंचा, लेकिन पिता के बाहर होने के कारण अंतिम संस्कार रोक दिया गया। देर रात पिता घिराऊ के घर पहुंचने के बाद शुक्रवार सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार घर पर जुट गए।
![]() |
| परिजनों और पुलिस में बातचीत |
परिजनों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग किए जाने की सूचना पर नवाबगंज और वजीरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने परिवार को समझाया और आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर अयोध्या चले गए। सरयू तट पर पिता घिराऊ ने प्रिंस को मुखाग्नि दी।
इधर, बेटे का शव घर से निकलते ही मां पूनम और छोटी बहन रितु का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोनों बेसुध होकर गिर पड़ीं। बड़ी बेटी प्रीति और आसपास की महिलाओं ने उन्हें संभाला। मां बार-बार बेटे को याद कर रोती रही और आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग करती रही।
मौत की वजह को लेकर बनी असमंजस की स्थिति
प्रिंस की मौत की वजह को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की शुरुआती जांच में इसे सड़क हादसा बताया गया था, जबकि बाद में परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में नामजद युवकों का इलाज चल रहा है और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
वहीं परिजन पुलिस के इस दावे पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि प्रिंस के साथ गए दोनों युवक पूरी तरह स्वस्थ थे। इलाज के दौरान सामने आए वीडियो में बाइक के वनरोज से टकराने की बात कही गई है। परिजन इस कहानी को संदिग्ध बताते हुए सवाल कर रहे हैं कि यदि बाइक की टक्कर हुई थी तो बाइक पर कोई स्पष्ट क्षति क्यों नहीं हुई और बाइक चला रहा युवक सुरक्षित कैसे बच गया।
परिजनों के मुताबिक प्रिंस के शरीर के सिर, पीठ और पैर समेत कई हिस्सों में चोट के निशान थे। घटना स्थल और मौत की परिस्थितियों को लेकर सामने आ रहे अलग-अलग बयानों से भी लोगों में असमंजस है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही प्रिंस की मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।





