डीजे दुकान में सेंधमारी से लेकर बाइक चोरी का खुलासा, एक आरोपी जंगल में फरार
पं श्याम त्रिपाठी/अखिलेश त्रिपाठी
गोण्डा। वजीरगंज पुलिस ने चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुलभूषण पुत्र सत्यनारायण तिवारी निवासी गोडवाघाट, कोतवाली नगर और छोटू सिंह उर्फ ओमप्रकाश सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी बानेपुर, वजीरगंज के रूप में हुई। उनका साथी शिखर सिंह पुत्र जंगबहादुर सिंह निवासी धनेश्वरपुर, वजीरगंज अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
![]() |
| मॉल के साथ शातिर |
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 08 डीजे मशीन, दो साउंड मिक्सर, दो एसआरपी लाइट, पीतल की 18 परात-थालियां, स्टील की थाली और एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 11/12 अगस्त की रात मुरावनपुरवा कोठा में बंद मकान के पीछे के दरवाजे से घुसकर बर्तन चोरी किए थे। इससे पहले नौ अगस्त की रात कोतवाली नगर क्षेत्र के बावरिया दुर्जनपुर में डीजे की दुकान में सेंध काटकर सामान उड़ाया था। बरामद बाइक फैजाबाद शहर से चोरी करने की बात भी पूछताछ में सामने आई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मनकापुर-नवाबगंज मार्ग पर ऊंटघाट पुल के पास जंगल में घेराबंदी कर दोनों को दबोचा। कुलभूषण पर चोरी, माल बरामदगी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि छोटू सिंह के खिलाफ गोण्डा, बस्ती और अयोध्या के विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय रवाना कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया है कि पकड़े गए अपराधियों के विरुद्ध गोंडा, अयोध्या, बस्ती जनपदों में कई अपराधिक मामले दर्ज हैं सबसे महत्वपूर्ण बात यह है की इन्हीं लोगों द्वारा अभी जल्द नगर कोतवाली क्षेत्र में ताला तोड़कर भारी संख्या डीजे मशीनें चुराई थी उनकी भी बरामदगी हुई हैं।


