कमलेश
खमरिया खीरी।ईसानगर से अपने घर लौट रहे संविलयन विद्यालय सिंगावर में तैनात शिक्षामित्र ब्रजेश कुमार सिंह हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन व आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर होने पर जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल में चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें लखनऊ ले जाने की सलाह दी। परिजन उन्हें लखनऊ लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे में ब्रजेश कुमार सिंह को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। उनके लखनऊ में भर्ती होने की जानकारी मिलते ही विद्यालय के साथ ब्लॉल के शिक्षकों और साथी शिक्षामित्रों में चिंता की लहर दौड़ गई।
ब्रजेश कुमार सिंह के साथी शिक्षामित्र लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। साथियों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि वह एक मेहनती और मिलनसार शिक्षक साथी हैं। सभी लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होकर अपने परिवार और विद्यालय के बीच वापस लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं। हादसे की खबर के बाद उनके परिचितों और शुभचिंतकों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।



