कमलेश
खमरिया खीरी। ईसानगर थाना क्षेत्र के खजुहा गांव में स्थित रिश्तेदारी से सोमवार को देर सायं घर वापस लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को कटौली के पास अचानक सामने आए सांड ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।आसपास मौजूद लोगों के सहयोग से पुलिस ने आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई,वहीं दूसरे की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
![]() |
| घायल |
बताया जाता है कि खमरिया थाना क्षेत्र के दिलावलपुर निवासी अनूप पुत्र सोनेलाल अपने साथी हिमांशु पुत्र राजू निवासी ग्राम सरैयां के साथ सोमवार को ईसानगर थाना क्षेत्र के खजुहा स्थित अपनी रिश्तेदारी में गए थे,दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कटौली के पास अचानक सड़क पर आए सांड ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान अनूप की हालत बिगड़ गई और उसकी सांसें थम गईं।चिकित्सकों ने हिमांशु की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वही दूसरी ओर घटना की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। जहाँ अनूप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद जहां परिवार में शोक की लहर है वही क्षेत्र की सड़कों पर घूम रहे छुट्टा पशुओं को लेकर भी लोगों में चिंता और आक्रोश देखने को मिल रहा है।


