कमलेश
खमरिया खीरी। खमरिया थाना क्षेत्र के एनएच-730 पर स्थित शारदा नदी पुल के पास मंगलवार को नहाने गया एक युवक अचानक गहरे पानी में फंसकर नदी की तेज धारा में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही खमरिया पुलिस सक्रिय हो गई और थाना प्रभारी निर्मल तिवारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू कराई। बताया जाता है कि सीतापुर जिले के हरनाथपुर केशवपुर निवासी राजपाल पुत्र कल्लूराम ऐरा पुल के पास अपनी साइकिल और कपड़े रखकर शारदा नदी में नहाने उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में फंस गया और देखते ही देखते नदी की तेज धारा में बह गया। युवक के नदी में बहने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी।
काफी खोजबीन के बाद पता चला कि राजपाल नदी की धारा में बहते हुए सीतापुर जनपद के रतौली गांव के पास पहुंच गया है। वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे नदी से बाहर निकाला और होश में आने तक उसकी देखभाल करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और भदफर पुलिस के सहयोग से राजपाल को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान राजपाल ने बताया कि वह नदी में नहाने के लिए उतरा था, लेकिन अचानक गहरे पानी में फंस गया और नदी की धारा उसे बहाकर काफी दूर रतौली गांव तक ले गई। घटना के बाद सकुशल घर पहुंचने पर परिजनों ने राहत की सांस ली तथा पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता के प्रति आभार जताया हैं।

