अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर स्थानीय एक होटल अपर्णा सभागार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों ने अटल जी के राजनीतिक और सामाजिक जीवन का याद करते हुए उन्हें नमन किया।
16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की 8वीं पुण्यतिथि अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बलरामपुर से जुड़ी उनकी यादों को वक्ताओं ने साझा किया। साथ ही उन्हें राजनीति का अजातुशत्रु बताते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की आयोजक व पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी की पौत्री अंजली मिश्रा ने अतिथियों को अंगवस्त्र व अटल जी का चित्र देकर सम्मानित किया। अटल जी से जुड़े लोगों के परिवारीजनों को भी श्रद्धांजलि सभा में विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
अटल जी की पुण्यतिथि पर रविवार को धर्मपुर भगवतीगंज स्थित अपर्णा मैरिज हॉल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोंडा विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि डॉ. आचार्य देवराज दास जी महाराज, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर मयंक कुशवाहा और भाजपा जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी, सदर विधायक पलटूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश शुक्ला, इकौना विधायक राम फेरन पांडेय, पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा रहे । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि अटल जी का बलरामपुर से जुड़ाव आज भी लोगों के दिलों में जीवंत है। वर्ष 1957 में अटल जी ने बलरामपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर पहली बार संसद में प्रवेश किया था। बलरामपुर की जनता के इस विश्वास और स्नेह को उन्होंने जीवनभर याद रखा। जिला प्रभारी ने कहा कि अटल जी की ओजस्वी वाणी, सरल व्यक्तित्व, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी समाज को प्रेरणा देती है। पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने कहा कि बलरामपुर से अटल जी का रिश्ता केवल राजनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि यहां की जनता और उनके बीच आत्मीयता का ऐसा संबंध था, जिसे आज भी लोग श्रद्धा और भावनाओं के साथ याद करते हैं। मंच का सफल संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय शुक्ला ने किया ।

