अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के महारानी लाल कुंवरि स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य, उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के पूर्व सदस्य, माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर और सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु के पूर्व संकायाध्यक्ष (विज्ञान) एवं रसायन विज्ञान के वरिष्ठ शिक्षक प्रो आर के सिंह के सेवानिवृत्ति के पश्चात विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
13 अगस्त को आयोजित विदाई समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो जे पी पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो एम अंसारी, डा सुनील कुमार मिश्र, डा बसंत कुमार, डा ऋषि रंजन पाण्डेय, डा जितेन्द्र कुमार, डाॅ अमित कुमार, डाॅ साक्षी शर्मा, डाॅ अरूण कुमार उपस्थित रहे। वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक धर्मवीर सिंह सहित विभाग के सभी शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भी भावभीनी विदाई दी। वक्ताओं ने प्रो आर के सिंह के दीर्घ एवं गौरवपूर्ण शैक्षणिक तथा प्रशासनिक योगदान को स्मरण करते हुए उनके व्यक्तित्व की सहजता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं विद्यार्थियों तथा सहकर्मियों के प्रति आत्मीयता की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने न केवल एक कुशल शिक्षक एवं प्रशासक के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई, बल्कि अपने मार्गदर्शन और स्नेह से अनेक विद्यार्थियों एवं सहकर्मियों के जीवन को दिशा प्रदान की। डा. सुनील कुमार मिश्र ने भावुक होते हुए कहा कि प्रो सिंह उनके एमएससी के शिक्षक रहे हैं और उन्होंने सदैव उन्हें अपने छोटे भाई के समान स्नेह, मार्गदर्शन एवं संरक्षण प्रदान किया। उन्होंने कहा कि गुरु के रूप में प्राप्त उनका स्नेह और एक बड़े भाई के रूप में उनका आत्मीय व्यवहार जीवन की अमूल्य निधि है। उनके सेवानिवृत्त होने से एक युग का औपचारिक अवसान अवश्य हो रहा है, किंतु उनका मार्गदर्शन, स्नेह और आदर्श सदैव प्रेरणा देते रहेंगे । समारोह के अंत में सभी उपस्थित जनों ने प्रो. आर. के. सिंह के स्वस्थ, सुखद, सक्रिय एवं दीर्घायु सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामना की तथा उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भावभीनी विदाई दी।

