अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के इंडो नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल 50 वीं वाहिनी द्वारा मंगलवार को बढ़नी रेलवे स्टेशन पर ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर सीमांत लखनऊ के पाइप बैंड की मनमोहक प्रस्तुति की गई ।
11 अगस्त को बढ़नी रेलवे स्टेशन, सिद्धार्थनगर: राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बलरामपुर द्वारा बढ़नी रेलवे स्टेशन पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया । सीमांत लखनऊ, सशस्त्र सीमा बल के पाइप बैंड द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक एवं शानदार प्रस्तुति दी गई। पाइप बैंड की सुमधुर धुनों ने रेलवे स्टेशन के वातावरण को देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। उपस्थित यात्रियों, स्थानीय नागरिकों एवं रेलवे कर्मियों ने कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आनंद लिया तथा बैंड की प्रस्तुति की सराहना की। ‘वंदे मातरम्’ की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत नजर आया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ‘वंदे मातरम्’ के गौरवशाली इतिहास एवं राष्ट्रीय भावना से आमजन को जोड़ना तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था। 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बलरामपुर द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र में आमजन के बीच राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रप्रेम के जयघोष से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में हुआ।