अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत सशस्त्र सीमा बल 50 वीं वाहिनी द्वारा मंगलवार को साइकिल रैली का आयोजन किया गया ।
11 अगस्त को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बलरामपुर द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से सीमा चौकी त्रिलोकपुर से सीमा चौकी मझगांव तक बॉर्डर रोड पर साइकिल रैली का आयोजन किया गया।साइकिल रैली त्रिलोकपुर (vibrant village), मझगांव (vibrant village), एवं पिपरा (vibrant village ) बेलभरिया, बिजुआकलां गाँव एवं सीमा चौकी मझगांव से होते हुए पुनः सीमा चौकी त्रिलोकपुर पर आकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया। साइकिल रैली के प्रारंभ होने से पूर्व सीमान्त मुख्यालय, लखनऊ के पाइप बैंड द्वारा ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, बलकर्मियों एवं नागरिकों द्वारा ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन एवं राष्ट्रगान किया गया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम का वातावरण उत्पन्न हुआ। रैली में संजय कुमार, कमांडेंट, 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, सौरभ कुमार, उप कमांडेंट (प्रचालन), दीपक चंद, सहायक कमांडेंट, जाधव भूषण भारतराव, सहायक कमांडेंट, सीमा चौकियों के बलकर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । रैली के दौरान सीमावर्ती ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित किया गया तथा उन्हें अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र में राष्ट्रीयता, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना तथा आम नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमावर्ती नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।