अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर डिवाइन पब्लिक स्कूल, बलरामपुर के बच्चों ने भव्य प्रभात फेरी निकालकर नगरवासियों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत संदेश दिया। डिवाइन पब्लिक स्कूल की प्रभात फेरी का नगरवासियों को हर वर्ष बेसब्री से इंतजार रहता है। विद्यालय के प्रबंधक आशीष उपाध्याय के नेतृत्व में इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस पर प्रभात फेरी का आयोजन पूरे उत्साह और उल्लास के साथ किया गया।
15 अगस्त को प्रभात फेरी का मुख्य आकर्षण केंद्र बलरामपुर शहर में नवनिर्मित अटल चौक घंटाघर रहा, जिसका उद्घाटन एक दिन पूर्व ही किया गया था। नगर भ्रमण करते हुए डिवाइन पब्लिक स्कूल के बच्चों की प्रभात फेरी अटल चौक घंटाघर पहुंची, जहां बच्चों ने राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों के साथ वहां मौजूद नगरवासियों ने भी पूरे उत्साह और गर्व के साथ वंदे मातरम् और राष्ट्रगान में सहभागिता की। इतना ही नहीं, आसपास अपने घरों से कार्यक्रम देख रहे परिवारों ने भी राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के समय सम्मानपूर्वक खड़े होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। यह दृश्य पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग देने वाला रहा। प्रभात फेरी के माध्यम से बच्चों ने नगरवासियों को राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। इसके बाद बच्चे प्रभात फेरी करते हुए विद्यालय पहुंचे, जहां विद्यालय परिसर में डिवाइन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक आशीष उपाध्याय द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत बच्चों ने राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक ने देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
बच्चों की प्रस्तुतियों में देश के प्रति प्रेम, सम्मान और समर्पण की भावना स्पष्ट दिखाई दी। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। डिवाइन पब्लिक स्कूल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हमेशा अपनी अलग पहचान बनाती रही हैं। अभी दो दिन पूर्व जिला प्रशासन बलरामपुर द्वारा आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा में भी डिवाइन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया था और कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहे। विद्यालय के प्रबंधक आशीष उपाध्याय ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है, जिनके संघर्ष से हमें आजादी मिली। उन्होंने बच्चों से देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने, अनुशासन का पालन करने, शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। बच्चों की भव्य प्रभात फेरी, अटल चौक घंटाघर पर गूंजता राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत और विद्यालय में आयोजित देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बलरामपुर में स्वतंत्रता दिवस की खुशियों को और भी यादगार बना दिया। बच्चों ने अपनी ऊर्जा, उत्साह और देशभक्ति के माध्यम से नगरवासियों के सामने राष्ट्रप्रेम की एक अनुपम मिसाल प्रस्तुत की।

