अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर न्यूज 09वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल में शनिवार को 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया ।
15 अगस्त को 09वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल मुख्यालय सहित सभी 13 सीमा चौकीयों में मनोरंजन कुमार पाण्डेय कमांडेंट 09वीं वाहिनी के मार्गदर्शन में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। वाहिनी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। समारोह के दौरान श्री मनोरंजन कुमार पाण्डेय, कमांडेंट 09वीं वाहिनी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण किया । साथ ही, महानिदेशक द्वारा प्रेषित शुभकामना संदेश को पढ़कर उपस्थित कार्मिकों को सुनाया गया। तत्पश्चात, उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात जवानों को भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठा, साहस एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने सभी कार्मिकों से पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं जवानों के साथ-साथ आबकारी विभाग के कार्मिकों को भी प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कमांडेंट महोदय ने सम्मानित कार्मिकों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वाहिनी परिसर में राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम ने कार्मिकों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा एवं देश सेवा की भावना को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया।

